तरैया, सारण। थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह प्रारंभ हुआ। सड़क सुरक्षा सप्ताह के प्रथम दिन तरैया पुलिस ने गांधीगिरी किया। बिना हेलमेट यात्रा कर रहे बाइक चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर उन्हें हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित किया तथा सुरक्षा के मानकों का हर हाल में पालन करने की सलाह दी। तरैया थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने ट्रैफिक एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत तरैया मसरख मोड़ पर सारण पुलिस, संवेदी पुलिस, सशक्त समाज और बिहार पुलिस सप्ताह का बैनर लगाकर बिना हेलमेट लगाए सड़क मार्ग से यात्रा कर रहे बाइक चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर लोगों को हेलमेट लगाने तथा सड़क सुरक्षा के मानकों का पालन करने का आग्रह किया। पुलिस की इस अनोखी पहल से एक तरफ बिना हेलमेट यात्रा कर रहे बाइक चालक शर्मिंदा थे। तो दूसरी तरफ पुलिस की गांधीगिरी से सीख भी ले रहे थे और अब बिना हेलमेट यात्रा नहीं करने का संकल्प भी ले रहे थे। हेलमेट का महत्व बताते हुए कहा गया कि हेलमेट सिर, आंख, कान, नाक, दांत, होठ का एक साथ सुरक्षा करता है। हेलमेट लगाने से इन सभी अंगों को सुरक्षा प्राप्त होती है। साथ ही गर्दन और सर्वाइकल को सुरक्षा प्राप्त होती है। एक हेलमेट एक वीर फौजी की तरह खुद चोट खाता है और आप को बचाता है। अतः बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन ना चलाएं और अनमोल जीवन को सुरक्षित बनाएं। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे, तीसरे, चौथे, पांचवें, छठे और सातवें दिन अलग-अलग कार्यक्रम के तहत लोगों को जागरूक करने का की योजना है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि वे अपनी सुरक्षा का पूरा पूरा ध्यान रखें।