सारण, तरैया। थाना क्षेत्र के टिकमपुर गांव में विद्युत शुल्क बकाया होने के कारण विभाग द्वारा विद्युत विच्छेद की कार्रवाई के बाद दो उपभोक्ताओं को चोरी से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया है। इस सम्बंध में विद्युत आपूर्ति प्रशाखा तरैया के कनीय विद्युत अभियंता सुजीत कुमार ने तरैया थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें कहा गया है कि पूर्व में टिकमपुर निवासी सुमन मांझी का विद्युत शुल्क 11564 रुपये एवं इंदु देवी का विद्युत शुल्क 8351 रुपये बकाया होने के कारण इन दोनों उपभोक्ताओं का विद्युत विच्छेद की कार्रवाई की गई थी। लेकिन ये दोनों उपभोक्ताओं ने बिना बकाया शुल्क जमा किये टोका फंसा कर चोरी से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़े गए हैं। जिस कारण नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड को 54010 रुपये की क्षति हुई है। पुलिस उक्त दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगें की कार्रवाई में जुट गई है।