
निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से दिन-दहाड़े एक लाख 10 हजार की लूट
– बाइक सवार दो सशस्त्र अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
– पुलिस छानबीन में जुटी
एकमा(सारण)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिन-दहाड़े एक निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से बाइक सवार दो सशस्त्र अपराधियों ने एक लाख 10 हजार की नकदी के अलावा एटीएम कार्ड व मोबाइल आदि लूट लिया। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लुटेरे मौके से फरार हो गए।
बताया जाता है कि गड़खा थाना क्षेत्र फुर्सतपुर गांव निवासी व एक निजी फाइनेंस कंपनी के एकमा शाखा में कार्यरत कर्मचारी कुमार मुकेश मंगलवार को दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरेजा बाजार व गांव से नकदी की वसूली करके फाइनेंस कंपनी के एकमा शाखा के लिए अपनी बाइक से लौट रहा था।
इसी बीच मांझी-बरौली सड़क एस एच 96 पर नवतन गांव के लाला गाछी के समीप पीछा कर रहे एक बाइक पर सवार दो अज्ञात सशस्त्र अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी कुमार मुकेश से एक लाख 10 हजार की नकदी के अलावा उसका एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन लूटकर पूरब दिशा की तरफ फरार हो गए। लूट की वारदात का शिकार फाइनेंस कर्मचारी ने एकमा थाने में पहुंचकर लिखित रूप से प्रार्थना पत्र देकर अपनी आप बीती बताई। जानकारी पाकर एकमा व आसपास के थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई के तहत घटनास्थल का मुआयना किया। वहीं पुलिस इंस्पेक्टर बीपी आलोक व एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने भी वारदात स्थल का मुआयना करने के बाद एकमा थानाध्यक्ष मोहम्मद जकारिया सहित दाउदपुर व मांझी थानाध्यक्ष को भी लूट की वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात सशस्त्र बदमाशों की गिरफ्तारी हेतु संभावित ठिकानों पर दबिश देने का निर्देश दिया। पुलिस की ओर से देर शाम तक दबिश देने व इलाके में कांबिंग करने की कार्रवाई जारी रही।
उधर इस मामले में एकमा पुलिस ने अज्ञात अपराधियों
के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
एकमा थाना क्षेत्र में सरेराह दिन-दहाड़े घटित हुई लूट की इस वारदात को लेकर आम नागरिकों व व्यवसायियों में पुलिस की कार्य प्रणाली पर तरह-तरह की चर्चा हो रही है।




Recent Comments