बाजार समिति में अवैध ढंग से दुकान का निर्माण करा रहे चार लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

छपरा। कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में अनाधिकृत रूप से सोमवार की रात को अवैध निर्माण का कार्य करा रहे चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि एक माह पहले भी कृषि उत्पादन बाजार समिति के परिसर में बाजार समिति के कर्मचारियों की मिलीभगत से दुकान का अवैध निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता अमित कुमार ने डीएम से लिखित शिकायत की थी, जिस पर तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश मिश्रा के द्वारा रोक लगा दी गई थी। उस समय निर्माण कार्य बंद हो गया, लेकिन 4 दिनों पहले अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश मिश्रा का स्थानांतरण होने के बाद बाजार समिति के कर्मचारियों की मिलीभगत से पुनः अवैध निर्माण का कार्य शुरू हो गया। इसकी जानकारी प्रभारी एस डी ओ सह डीसीएलआर को हुई तो, उन्होंने तत्काल सदर बीडीओ को मुफस्सिल थाना की पुलिस के साथ जाकर निर्माण कार्य बंद कराने और अवैध निर्माण कराने वालों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया । सदर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने निर्माण कार्य को सोमवार की रात को करीब 9:00 बजे बंद कराया तथा इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किये गये चारों लोगों को मुफस्सिल थाना की पुलिस को सौंप दिया गया। फिलहाल इस मामले की जांच चल रही है।