दहशत : निवर्तमान मुखिया पति की गाड़ी पर बम से हमला, गाड़ी जलकर मलवे में तब्दील

बनियापुर(सारण)।सतुआ पंचायत के निवर्तमान मुखिया पति सुरेश साह की गाड़ी पर सोमवार की देर रात्रि बम से हमला करने का मामला प्रकाश में आया है।जिसमें मुखिया पति और ड्राइवर तो बच गए।मगर गाड़ी धु-धु कर जलने लगी और देखते ही देखते गाड़ी मलवे में तब्दील हो गई।घटना सोमवार की रात्रि साढ़े दस बजे के करीब सतुआ बाजार के समीप की बताई जाती है।घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखिया पति अपने राइस मिल में कार्य करने वाले किसी कर्मी से मिलने के लिये उसके घर गए थे।इस दौरान बाजार से पश्चिम कुछ दूरी पर गाड़ी खड़ी कर मिल कर्मी से मिलने उसके घर चले गए।वही ड्राइवर भी गाड़ी से निकल सड़क पर टहलने लगा।तभी अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोगो द्वारा गाड़ी पर हमला कर दिया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि गनीमत रही कि गाड़ी में कोई नही था।वरना जान से हाथ धोनी पड़ सकती थी।मामले में मुखिया पति द्वारा स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।जिसमें दो नामजद और दो अज्ञात सहित चार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।हालांकि पुलिस बम से हमला करने की बात से इंकार कर रही है।वही दर्ज प्राथमिकी के आलोक में घटना से जुड़ी तमाम बिंदुओं को ध्यान में रख अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।इधर घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा व्याप्त है।वही स्थानीय लोग घटना के बाद से डरे सहमे दिख रहे है।हालांकि लोगों को भयमुक्त माहौल में मतदान करने को लेकर पुलिस बल द्वारा सतुआ बाजार पर फ्लैग मार्च निकाल लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की गई।

पुलिस छावनी में तब्दील रही घटना स्थल:

घटना की सूचना पर बनियापुर,सहाजितपुर,जनता बाजार सहित कई अन्य थानों की पुलिस रात्रि में ही घटना स्थल पर पहुँच गई।वही एसपी सारण संतोष कुमार एसडीपीओ सदर मुनेश्वर प्रसाद सिंह सहित कई अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी भी घटना स्थल पर पहुँच मामले की जांच में जुटे रहे।मंगलवार की दोपहर बाद बाद तक घटना स्थल पर अंचलाधिकारी स्वामीनाथ राम एवं स्थानीय पुलिस पदाधिकारी दंगा निरोधक दस्ते के साथ तैनात दिखे।वही क्षतिग्रस्त गाड़ी ज्यो की त्यों घटना स्थल पर पड़ी थी।