थाने में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से डेंगू ने दिया दस्तक

दिघवारा (सारण) : दिघवारा थाना परिसर में पसरी गंदगी पुलिसकर्मियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है और थाने में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से डेंगू ने दस्तक दे दी है। जिससे पुलिस कर्मियों की चिंता बढ़ती ही जा रही है।पहले दिघवारा थाने में पदस्थापित दो पुलिसकर्मियों में डेंगू के लक्षण पाए गए थे इसके बाद थानाध्यक्ष मिहिर कुमार को भी डेंगू बीमारी ने अपनी चपेट में ले लिया ।मंगलवार को पुलिस कर्मी उमेश कुमार राम,थाना मैनेजर शिल्पी कुमारी तथा विधि व्यवस्था प्रभारी थानाध्यक्ष फुल हसन को भी डेंगू ने अपने चपेट में ले लिया है ।इस प्रकार थाने में पदस्थापित सात पुलिस कर्मियों में डेंगू का लक्षण पाया गया है।मालूम हो कि दिघवारा थाने में गंदगियों का अंबार लगा है और थाना परिसर में कई जगहों पर वर्षों से जप्त वाहन लगाए गए हैं, जहां गंदगी के साथ बारिश का पानी जमा है।इसी में मच्छर भी पनपते हैं जो मच्छर जनित बीमारियों का खुला निमंत्रण देते हैं। एक ही थाने के थानाध्यक्ष समेत छः अन्य पुलिसकर्मियों को डेंगू हो जाने की खबर क्षेत्र में जुबानी चर्चा में है तथा लोग थाने में जाने से परहेज कर रहे है साथ ही डिउटी कर रहे अन्य पुलिस कर्मी भी सहमे हुए रह रहे है।