डायबिटीज से बचाव के लिए जीवनशैली में बदलाव जरूरी: डॉ पीके सिन्हा

  • सदर अस्पताल में 14 से 21 नवम्बर तक मनाया जा रहा है विश्व डायबिटीज सप्ताह
  • जाँच के साथ मरीजों को दी जा रही है उचित सलाह

मोतिहारी, 16 नवंबर। सदर अस्पताल मोतिहारी में विश्व मधुमेह सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर ब्लड शुगर के मरीजों के शुगर, बीपी, वजन की जाँच की जा रही है। साथ ही शुगर जैसी बीमारी से कैसे बचें, इस बारे में लोगों को जानकारी दी जा रही है। डा पी के सिन्हा द्वारा इस दौरान लोगों को जीवनशैली में बदलाव कर स्वास्थ्य पर ध्यान देने की बात बताई जा रही है। डॉ सिन्हा ने बताया की पूर्वी चम्पारण के सदर अस्पताल  में 14  से 21 नवम्बर तक  विश्व डायबिटीज सप्ताह मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शुगर के मरीजों की जाँच के साथ तनाव से बचने, व्यायाम करने, सुबह -शाम में टहलने की उचित सलाह दी जा रही है। ताकि देश के युवा वर्ग मधुमेह के प्रति जागरूक रहें एवं उसके प्रति सुरक्षित रहें। मौके पर लगभग 70 से अधिक मरीजों की जांच की गई।                              योग व व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं-
इस मौके डॉ.सिन्हा ने कहा कि विश्व का हर पांचवां व्यक्ति मधुमेह का रोगी है। परहेज, व्यायाम और दवाओं के जरिए इस पर काबू पाया जा सकता है। योग व व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। जो न केवल मधुमेह बल्कि अन्य बीमारियों जैसे उच्च रक्तचाप, हृदय रोग आदि से भी बचाएगा।

  • शुगर के मरीजों की समय समय पर जाँच जरूरी:
    एनसीडीओ डॉ सिन्हा ने बताया मधुमेह के मरीजों को सुरक्षित जीवन के लिए सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्हें नियमित समय के अनुसार जाँच अवश्य कराना चाहिए। ताकि शुगर के घटते, बढ़ते स्तर की जानकारी हो सके । मरीज को अपने खानपान और स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रखना चाहिए। दवा का नियमित सेवन करना चाहिए।  इसे बंद नहीं करना चाहिए। क्योंकि डायबिटीज मरीज का शुगर नियंत्रित नहीं रहने पर बीपी, हार्ट, किडनी को नुकसान हो सकता है।

डायबिटीज रोगी क्या करें क्या न करें:
•डायबिटीज में थोड़ा और आसानी से पचने वाला भोजन करना चाहिए।
•सुबह जल्दी उठना चाहिए । व्यायाम के लिए समय निकालना चाहिए, रोज प्राणायाम, योग ,व्यायाम जरूर करना चाहिए।
•सुस्त जीवनशैली के बजाय सक्रिय जीवन शैली को अपनाना चाहिए।
•साइकिलिंग, जिम, स्विमिंग, जो भी पसंद है उसे 30 से 40 मिनट तक जरूर करने की आदत डालनी चाहिए
•डायबिटीज में हम सारे मौसमी और रस वाले फल खा सकते हैं।
•डाइट में गुनगुना पानी, छाछ, जौ, का दलिया और मल्टीग्रेन आटा (मिलाजुला अनाज) शामिल करें।
•डायबिटीज रोगी को अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए। ऐसे में  नींबू पानी लेंगे तो यह उनकी सेहत के लिए और अच्छा होगा
•डिब्बाबंद आहार, बासी खाना, जंक फूड, ज्यादा तेल मसाले वाले भोजन नहीं खाना चाहिए।