टीकाकर्मियों ने हर-घर में दी दस्तक, खेत-खलिहान में भी काम करने वाले लोगों ने लिया रक्षा कवच

• हर घर दस्तक अभियान की हुई शुरुआत

• टीका लगाने के बाद घरों की हुई मार्किंग

• 16 से 20 और 22 से 25 नवंबर तक घर-घर दस्तक देगी स्वास्थ्य विभाग की टीम

छपरा। एक समय यह भी था कि कोविड टीका लेने के लिए लंबी-लंबी कतारें लगती थी। लोग सुबह हीं घर से निकल कर लाइन में लग जाते थे। वैक्सीन की कमी भी लोगों को झेलनी पड़ती थी। यहां तक कि वैक्सीन के लिए मारपीट भी हो जाती थी। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की पहल ने टीकाकरण अभियान की तस्वीर को हीं बदल कर रखा दी है। टीकाकरण के शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभाग के द्वारा नयी -नयी पहल की  जा रही है। मंगलवार को जिले में हर घर दस्तक अभियान की शुरुआत की गयी। जिसके तहत स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर टीकाकरण से वंचित लोगों को वैक्सीन लगायी । इसके साथ चिमनी भट्‌टा पर कार्य करने वाले मजदूरों, खेत-खलिहानों में किसानों को भी जीवन रक्षा की डोज दी गयी। हर-घर दस्तक अभियान शुरू होने से लोगों को काफी सहूलियत हो रही है। जो लोग भीड़ देखकर टीकाकरण केंद्रों पर जाने से कतराते थे वह लोग भी अब अपने घर पर हीं टीकाकरण करा रहे हैं। शरीरिक रूप से असमर्थ व्यक्तियों को भी आसानी से घर पर हीं टीकाकरण किया गया।