
यात्रियों को छपरा-पटना रूट में पैसेंजर ट्रेन की है जरूरत- धर्मेंद्र कुमार साह
छपरा/नईदिल्ली-सारण जिला महामंत्री व छपरा विधानसभा प्रभारी धर्मेंद्र कुमार साह ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात कर छपरा से पटना के बीच यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए कम से कम तीन जोड़ी ट्रेनों के नियमित परिचालन की मांग की. धर्मेंद्र कुमार साह ने कहा कि छपरा और पटना के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं, लेकिन पर्याप्त ट्रेनों के अभाव में लोगों को असुविधा होती है। इस संदर्भ में उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मांग की कि इस पर जल्द से जल्द अमल किया जाए।
मुलाकात के दौरान धर्मेंद्र कुमार साह ने छपरा के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि बेहतर रेल सेवाओं के साथ-साथ अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास से क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेनों के संचालन से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि छपरा और पटना के बीच आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी। ज्ञापन में उन्होंने छपरा के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार से विशेष ध्यान देने की अपील की।
केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने धर्मेंद्र कुमार साह की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि छपरा-पटना के बीच ट्रेनों के परिचालन पर शीघ्र ही सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छपरा के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी आवश्यक योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जाएगा। इस मुलाकात के बाद छपरा के लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही यात्री सुविधाओं में सुधार होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। साथ में पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश प्रसाद,जिला उपाध्यक्ष चैतेंद नाथ सिंह मौजूद रहे।




Recent Comments