दैनिक खोज खबर/सोनपुर। सोनपुर–परमानंदपुर रेलखंड के गोला बाजार, सोनपुर स्थित रेलवे ढाला नंबर–1 पर अंडरग्राउंड सड़क मार्ग (अंडरपास) के निर्माण कार्य को लेकर 6 मार्च क़ो सुबह 8 बजे से 30 मार्च 2026 तक इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन उक्त रेलवे ढाला से नहीं हो सकेगा।
रेलवे विभाग की ओर से बताया गया है कि रेलवे ढाला नंबर–1 पर अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है तथा ट्रेन के आवागमन के समय फाटक बंद रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए यहां अंडरग्राउंड सड़क मार्ग (अंडरपास) का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से अस्थायी रूप से यातायात बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में रेलवे विभाग के सहायक मंडल इंजीनियर (लाइन ) के के डी प्रसाद ने सारण डीएम, एसपी तथा सोनपुर अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभागीय अधिकारियो को इसकी जानकारी दी है। प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को वैकल्पिक मार्गों से आवागमन में सुविधा मिल सके।
प्रशासन ने आम लोगों, वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों से गुरुवार क़ो अपील किया है कि 6 मार्च से 30 मार्च तक इस मार्ग का उपयोग न करें और अन्य वैकल्पिक रास्तों से आवागमन करें जिसमे रजिस्ट्री बाजार अंडर सड़क मार्ग व जहांगीरपुर रेलवे ढाला संख्या 2 होते हुए मुख्य सड़क मार्ग से आवागमन आम नागरिक को अपने वाहनों के साथ कर सकते हैं। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान रेलवे और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि निर्धारित समय के भीतर अंडरपास का निर्माण पूरा हो सके। अंडरपास बनने के बाद पहाड़ी चक, पहलेजा शाहपुर दियरा क्षेत्र व गोला बाजार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। रेलवे फाटक बंद होने की समस्या समाप्त हो जाएगी और लोगों को बिना रुकावट के आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। इससे यातायात व्यवस्था भी सुचारु होगी और समय की भी बचत होगी।