दैनिक खोज खबर/छपरा (सारण)। प्रतिभा और दृढ़ निश्चय हो तो सफलता कदम चूमती है। इसे सच कर दिखाया है राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या +2 आवासीय उच्च विद्यालय, छपरा की कक्षा आठवीं की होनहार छात्रा नंदनी कुमारी ने। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता में नंदनी ने अपनी टीम के साथ कबड्डी (महिला वर्ग) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान (रनर-अप) प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण
यह दो दिवसीय भव्य प्रतियोगिता दिनांक 06 और 07 मार्च 2026 को छपरा के ऐतिहासिक राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में जिले भर की दिग्गज टीमों ने हिस्सा लिया, जहाँ नंदनी ने अपनी फुर्ती और रेडिंग कौशल से विपक्षी टीम को कड़ी चुनौती दी और अपनी टीम को फाइनल तक पहुँचाया।
नंदनी की इस शानदार जीत पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकों और सहपाठियों ने हर्ष व्यक्त किया है। खेल अधिकारियों ने नंदनी को मंच पर पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। विद्यालय परिवार का कहना है कि नंदनी की यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की एक बड़ी प्रेरणा बनेगी। नंदनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पूरे क्षेत्र में उनकी सराहना हो रही है।