गोपालगंज से बोधगया बम मामले में संदिग्ध युवक को एनआईए ने किया गिरफ्तार
#राज श्रीवास्तव

गोपालगंज:— बिहार के बोधगया में बम बरामद होने के बाद प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का कनेक्शन गोपालगंज से जुड़े होने की बात सामने आई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के निर्देश पर बुधवार की देर रात गोपालगंज पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए युवक का नाम महफूज आलम है। जो नगर थाना के वार्ड नम्बर 25 खजुरबानी का रहनेवाला है। नगर थाने के इंस्पेक्टर संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बुधवार की देर रात खजूरबानी स्थित महफूज आलम के घर पहुंची और उसकी बात एनआईए के अधिकारियों से करायी। फिर उसे नगर थाना लाया गया, जहां मौजूद एनआईए की टीम ने पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस सूत्रों की माने तो एनआईए की टीम गोपालगंज में है जो महफूज आलम से पूछताछ करेगी। बता दे की बोधगया में महाबोधि मंदिर के परिसर के पास और अन्य जगहों से सूटकेस में रखे दो आईईडी बम बरामद किये गये थे। इसकी जांच एनआईए ही कर रही है। जांच के दौरान एनआईए को सीसीटीवी फुटेज से तीन संदिग्धों की तस्वीरें हाथ लगी थी जिसमें गोपालगंज का भी आतंकी कनेक्शन सामने आया है। हालाकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है। फिलहाल पुलिस अधिकारी एनआईए के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।गौरतलब है की लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शेख अब्दुल नईम ने गोपालगंज में सोहैल खान बनकर अपने नेटवर्क को मजबूत किया था, जिसमें उसके प्रमुख साथी बेदारबख्त उर्फ धन्नू राजा को गिरफ्तार किया जा चुका है। एनआईए के रडार पर कुल 33 युवकों के होने की बात बतायी जा रही है।




Recent Comments