
सारण, तरैया। थाना परिसर में मंगलवार को एसआईएस कम्पनी द्वारा आयोजित सिक्योरिटी गार्ड की बहाली के लिए तरैया थाना क्षेत्र भर से आए हुए सैकड़ों की संख्या में बेरोजगार युवकों की भीड़ पहुची। नवयुवक बहाली की प्रक्रिया में शामिल तो हुए लेकिन इस पूरे प्रक्रिया में कोरोना संक्रमण का भय कहीं नहीं दिखा एवं सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। निजी कम्पनी द्वारा सिक्योरिटी गार्ड की थाना परिसर में की जा रही बहाली को लेकर क्षेत्र भर में अफवाहों का बाजार भी गर्म रहा एवं कई जगहों पर लोग इस बहाली को होमगार्ड या चौकीदार की बहाली समझ कर चर्चा करते दिखे। वही जानकार व्यक्ति इसे निजी कम्पनी के सिक्योरिटी गार्ड की बहाली बताते दिखे। कम्पनी द्वारा इस बहाली के लिए 350 रुपए रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित किया गया था तथा चयनित अभ्यर्थियों सें ट्रेनिंग शुल्क के रूप में साढ़े दस हजार रुपए जमा कराने की बात कही गई। जिसे सुनकर काफी युवक निराश होकर वापस चले गए। लेकिन कम्पनी की शर्तों को मान कर बहाली की प्रक्रिया में भाग लेने वाले लोगों की तादाद भी अच्छी खासी देखी गई। देश में कोरोना संक्रमण का दूसरा दौर जारी होने के बावजूद भी इस प्रक्रिया में सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क का उपयोग कहीं नहीं दिखा, जो कि काफी चिंतनीय विषय है। थाना परिसर में हुए इस बहाली की प्रक्रिया में ऐसी लापरवाही बरता जाना क्षेत्र के लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।




Recent Comments