रंजन श्रीवास्तव/तरैया (सारण)। हजरत मोहम्मद साहब की जयंती ईद मिलादुन्नबी को लेकर शनिवार को तरैया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने किया। इस दौरान हजरत मोहम्मद साहब की जयंती ईद मिलादुन्नबी की जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से निकालने एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में थानाध्यक्ष ने कहा कि जयंती के अवसर पर विभिन्न मस्जिदों से जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस के लिए मार्ग निर्धारित किया गया है और निर्धारित मुख्य मार्ग से होकर ही जुलूस गुजरेगा। प्रशासन ने जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने को लेकर लोगों से सहयोग करने तथा सभी समुदाय के लोगों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। मौके पर सरपंच संघ के प्रखंड अध्यक्ष रविन्द्र सिंह उर्फ रवि सिंह, पूर्व सरपंच रोहित कुमार बिट्टू, समेत अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित थे।