एकमा में एक घण्टे तक खड़ी रही बाघ एक्सप्रेस, स्टेशन मास्टर व रेलयात्रियों में हुई नोकझोंक
दैनिक खोज खबर डेस्क, सारण
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के तहत आनेवाले छपरा सिवान रेलखण्ड के बीच अवस्थित एकमा स्टेशन पर रेलयात्रियों व ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

स्टेशन मास्टर व रेल यात्रियों के बीच इस तीखी नोकझोंक का कारण हावड़ा से चलकर काठगोदाम जानेवाली 13019 अप बाघ एक्सप्रेस को एकमा स्टेशन पर एक घण्टे तक रोके रखना था। मालूम हो कि गोरखपुर व कुसम्ही स्टेशनों के बीच सब वे निर्माण के लिए 10 घण्टे का मेगा ब्लॉक लिया गया था जिस कारण कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ।

बुधवार को 16:00 बजे छपरा जंक्शन से प्रस्थान कर चुकी 13019 बाघ एक्सप्रेस एकमा स्टेशन पर 16:58 पर पहुँची। ट्रेन में सवार रेलयात्री इसके प्रस्थान करने की प्रतीक्षा में थे मगर काफी समय बीतने के बाद भी जब बाघ एक्सप्रेस को एकमा से रवाना नही किया गया तो रेलयात्री एकमा स्टेशन कार्यालय में घुसने का प्रयास करने लगे।

रेलकर्मियों ने यात्रियों को समझाया कि लाइन क्लियर नही होने के कारण ट्रेन खड़ी है। ये जानकर रेल यात्री आक्रोशित हो गए और स्टेशन मास्टर से जल्द बाघ एक्सप्रेस को रवाना करने की मांग करने लगे। जिसके बाद एकमा से बाघ एक्सप्रेस 17:55 बजे सिवान के लिए रवाना की गई।