रेलवे का मेगा ब्लॉक : हांफती रही ट्रेनें, हलकान रहे यात्री
बदले रूट से गयी वैशाली, बिहार संपर्क, आम्रपाली एक्सप्रेस
विनीत कुमार, छपरा
पूर्वोत्तर रेलवे ने बुधवार को 10 घण्टे का मेगा ब्लॉक लिया था। यह मेगा ब्लॉक गोरखपुर कैंट व कुसम्ही स्टेशनों के बीच पड़नेवाले समपार फाटक संख्या 157 स्पेशल पर सब वे बनाने के लिए लिया गया था।

पूर्वोत्तर रेलवे ने इस मेगा ब्लॉक के मद्देनजर कई मेल, एक्सप्रेस, सुपरफास्ट व सवारी गाड़ियों को निरस्त किया था इसके बावजूद भी ट्रेनों के परिचालन पर इस मेगा ब्लॉक का व्यापक असर पड़ा।
मेगा ब्लॉक गोरखपुर में था और ट्रेनें छपरा जंक्शन पहुँचने के पूर्व ही प्रभावित होने लगी। छपरा जंक्शन से जिन एक्सप्रेस ट्रेनों को एकमा सिवान के रास्ते चलाना था उन ट्रेनो को भी छपरा कचहरी व छपरा जंक्शन पर घण्टो रोककर रखा गया जिससे रेल यात्रियों को काफी परेशानी हुई।

आपको बता दे कि सुबह सीतामढ़ी से चलकर आनंद विहार जानेवाली 14005 अप लिच्छवी एक्सप्रेस छपरा जंक्शन से 8:15 बजे प्रस्थान की उसके बाद एकमा सिवान के लिए अगली ट्रेन हटिया से चलकर गोरखपुर जानेवाली 15027 अप मौर्या एक्सप्रेस 14:10 बजे छपरा जंक्शन पहुँची जो 14:30 बजे प्रस्थान की और यह ट्रेन 16:10 बजे हांफते हुवे एकमा पहुँची जबकि सिवान जंक्शन पर यह ट्रेन 18:40 बजे पहुँची।

कुछ ऐसी ही स्थिति हावड़ा से चलकर काठगोदाम जानेवाली 13019 अप बाघ एक्सप्रेस की थी। यह ट्रेन छपरा जंक्शन से 16:00 बजे प्रस्थान की और एकमा में 16:58 बजे पहुँची जबकि यह ट्रेन सिवान जंक्शन पर 19:15 बजे पहुँची।
बदले रूट से गयी वैशाली, आम्रपाली व बिहार संर्पक क्रांति एक्सप्रेस
—–
गोरखपुर में लिए गए मेगा ब्लॉक के कारण दरभंगा से चलकर नई दिल्ली जानेवाली 12565 अप बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस, बरौनी से चलकर नई दिल्ली जानेवाली 12553 अप वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस, कटिहार से चलकर अमृतसर जानेवाली 15707 अप आम्रपाली एक्सप्रेस मशरख के रास्ते चलाई गई।

इस मेगा ब्लॉक के कारण रेल यात्रियों को काफी परेशानी हुई। छपरा से चलकर गोरखपुर जानेवाली 55019 अप सवारी गाड़ी को रीसिड्यूल किया गया था और यह ट्रेन 14:50 बजे छपरा जंक्शन से प्रस्थान की और 18:38 बजे एकमा पहुँची। छपरा से चलकर भटनी जानेवाली 55009 सवारी गाड़ी अपने नियत समय से 1 घण्टे से अधिक विलंब से 19:00 बजे छपरा जंक्शन से प्रस्थान की।
वही गोरखपुर की ओर से छपरा आनेवाली कई एक्सप्रेस ट्रेनें अपने नियत समय से घण्टो विलंब से छपरा जंक्शन पहुँची।




Recent Comments