#EkmaNews

एकमा। सारण जिले के एकमा प्रखंड और नगर क्षेत्र के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में शनिवार को “खेलो-सीखो” थीम के तहत अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बिहार शिक्षा विभाग के निर्देश और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शिक्षा और समग्र विकास में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

विज्ञापन

उत्क्रमित मध्य विद्यालय गौसपुर में प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी की अध्यक्षता में संगोष्ठी संपन्न हुई। इसमें विभाग द्वारा जारी मार्गदर्शिका के आधार पर अभिभावकों से संवाद किया गया। शिक्षकों ने बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों, उनकी प्रतिभाओं और विद्यालय में नियमित उपस्थिति को लेकर अभिभावकों को प्रेरित किया।

बैठक के दौरान बच्चों की पढ़ाई के अलावा उनके स्वास्थ्य, पोषण और साफ-सफाई से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। “खेलो-सीखो” थीम के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के तरीकों से अभिभावकों को अवगत कराया गया ताकि घर पर भी बच्चों का बौद्धिक विकास बेहतर तरीके से हो सके।

एकमा प्रखंड के मध्य विद्यालय हंसराजपुर, कन्या मध्य विद्यालय एकमा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय टोला डोमन राय, प्राथमिक विद्यालय देवीगंज, प्राथमिक विद्यालय रामपुर, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय रामपुर मठिया, पचरुखिया और कन्या प्राथमिक विद्यालय कर्णपुरा सहित विभिन्न विद्यालयों में भी यह संगोष्ठी सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय अभिभावक, शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Tags: #SaranEducation #BiharSchools #ParentTeacherMeeting #KheloSikho #BiharEducationDepartment