File photo

एकमा (सारण)। नगर पंचायत एकमा बाजार क्षेत्र में स्थित सुविख्यात मौज बाबा के मठिया स्थित राम-जानकी मंदिर के महंत श्री श्री 108 श्री परमेश्वर दास का गुरुवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। उनके निधन की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और उनके सानिध्य में रहने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर परमेश्वर दास समीप स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। जहां इलाज के दौरान कुछ ही मिनट बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल एवं मंदिर परिसर पहुंचने लगे।
उनके शिष्य श्रीनारायण माली, वशिष्ट शर्मा एवं ललित कुमार पांडेय ने बताया कि परमेश्वर दास मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के रहने वाले थे। वह पिछले करीब 25 वर्षों से एकमा स्थित मौजे बाबा के मठिया (राम-जानकी मंदिर) में महंत के रूप में रहकर आध्यात्मिक एवं धार्मिक जीवन व्यतीत कर रहे थे। सरल स्वभाव और संत जीवन के कारण क्षेत्र के लोगों में उनके प्रति गहरी श्रद्धा थी।दरभंगा मां श्यामा मंदिर न्यास समिति के सदस्य, गोस्वामी जागरण मंच के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष एवं जदयू के सारण जिला उपाध्यक्ष डॉ. अरुण गिरी ने महंत जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जब भी उनका एकमा आना होता था, वे महात्मा जी से अवश्य मिलते थे। उनके निधन से धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।महंत परमेश्वर दास के निधन पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा उनके अनुयायियों एवं शिष्यों को इस दु:ख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।