मधेपुरा: पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति अनोखा प्रेम व्यक्त करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता संजय कुमार सुमन ने इस बार रक्षाबंधन का पर्व ‘वृक्ष सुरक्षा दिवस’ के रूप में मनाया। उन्होंने पेड़ों को राखी बांधकर उनकी दीर्घायु और सुरक्षा का संकल्प लिया।

इस अवसर पर श्री सुमन ने कहा कि यह परंपरा हमें यह संदेश देती है कि जिस तरह हम भाई-बहन के रिश्ते की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार जीवनदायिनी प्रकृति और जंगलों को बचाना भी हमारा परम कर्तव्य है। पेड़ हमें प्राणवायु (ऑक्सीजन) देते हैं और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं।

कार्यक्रम में शामिल छात्रा श्रुति कुमारी और कृति कुमारी ने भावुक होते हुए कहा कि जिस तरह भाई बहन की रक्षा करता है, उसी तरह पेड़ हमारे जीवन की रक्षा करते हैं। इसलिए पेड़ों को बचाना और उनका संवर्द्धन करना हमारा धर्म है, क्योंकि पेड़ केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं बल्कि हमारे जीवन के मुख्य आधार हैं।

इस अनूठी पहल के माध्यम से रक्षाबंधन के पावन पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया है, जिससे समाज में अधिक से अधिक पौधे लगाने और पेड़ों की रक्षा करने की प्रेरणा मिल सके।