जाँच में पहुंची पुलिस

मढ़ौरा (सारण): गौरा थाना क्षेत्र के सलिमापुर टॉवर मोड़ के पास चोरों ने दो दुकानों को अपना निशाना बनाते हुए चोरी की सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया है। इस वारदात के बाद से स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश व दहशत का माहौल बना हुआ है।गुरुवार की सुबह जब संबंधित दुकानदार अपनी दुकानें खोलने के लिए वहां पहुंचे, तो दोनों दुकानों का पल्ला और ताला टूटा हुआ मिला। दुकान का शटर खुला हुआ देखकर दुकानदारों के होश उड़ गए। पीड़ित दुकानदारों में मां ज्वेलर्स व बर्तन दुकान के संचालक मनोज कुमार सोनी (पुत्र- स्वर्गीय गौतम साह) और बालाजी जनरल स्टोर के खुदरा विक्रेता देव कुमार सिंह (पुत्र- स्वर्गीय शिवनाथ सिंह) शामिल हैं। ज्वेलर्स दुकान से नगदी 3000 रुपए समेत बर्तन आदि की चोरी बताई गई, वहीं जेनरल स्टोर हजारों रुपए नगदी समेत चप्पल और श्रृंगार के समान चोरी हुई है।जैसे ही चोरी की यह खबर क्षेत्र में फैली, मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना से नाराज लोगों ने दुःख जताया कि सलिमापुर गांव के दुकानों और मंदिरों में कई बार चोरी की घटना घटित हो चुकी है, लेकिन पुलिस चोरों का सुराग नहीं ढूंढ पा रही हैं। तुरंत इसकी सूचना गौरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष महम्मद महताब खां पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और दोनों दुकानदारों से चोरी गए सामान के बारे में विस्तृत जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा मामले की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है और अपराधियों की पहचान के लिए आगे की कार्रवाई तेजी से की जा रही है।