◆ जेई पर उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार का लगाया आरोप

तरैया, सारण। तरैया विद्युत सब स्टेशन परिसर में स्थित नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड प्रशाखा तरैया के कार्यालय में मंगलवार की सुबह में विभिन्न गांवों से पहुचे दर्जनों उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं ने कार्यालय देर से खुलने एवं पूछने पर जेई द्वारा उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। सरेया रत्नाकर गांव से विद्युत विपत्र सुधार कराने पहुची सीता देवी, रामझरी देवी, उषा देवी, ज्ञानति देवी, राजकुमारी देवी समेत दर्जनों महिलाओं ने आरोप लगाया कि सुबह से 10 बजे से हमलोग धूप में कार्यालय के सामने खड़े हैं। उपभोक्ताओं के बैठने के लिए न जगह है और नाहीं पीने के लिए पानी की व्यवस्था है, सुबह से ही धूप में हमलोग खड़े हैं। माधोपुर निवासी शंकर राम, शितलपट्टी निवासी समाजसेवी सोनू सिंह ने कहा कि सुबह से ही लोग खड़े हैं और कोई कर्मचारी तक नहीं है। 11 बजे जेई साहेब आये है तो देर से कार्यालय खुलने के बारे में पूछने पर आग बबूला हो गए एवं हमलोगों के साथ दुर्व्यवहार किए। समाजसेवी श्री सिंह ने कहा कि फ्रेंचाइजी द्वारा तीन-चार माह पर एक बार मीटर रीडिंग कर मोटी रकम का विद्युत शुल्क जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को थमा दिया जाता है। और शुल्क जमा नहीं करने पर उनका विद्युत कनेक्शन काट दिया जाता है। गरीब लोग एक बार में मोटी रकम कैसे जमा कर पाएंगे, इस पर विभागीय अधिकारियों को सोचना होगा। इस सम्बंध में पूछने पर तरैया परिक्षेत्र के कनीय विद्युत अभियंता सुजीत कुमार ने बताया कि अधिक शुल्क बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं का विद्युत कनेक्शन काट गया है, विद्युत विपत्र पर भी निर्देश दिया जाता है कि उपभोक्ता समय से अपने विद्युत शुल्क का भुगतान करें। एक साथ कई गांवों में विद्युतविच्छेद की कार्रवाई की गई है जिसको लेकर कार्यालय पर भीड़ हुआ है। एक कर्मचारी के पत्नी की अचानक तबियत खराब हो जाने से वह छुट्टी पर चले गए हैं, वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सभी उपभोक्ताओं का शुल्क जमा किया जा रहा है।