
दैनिक खोज खबर /जलालपुर (सारण)। कोपा थाना क्षेत्र में रविवार को धान की बुवाई के दौरान आकाशीय बिजली ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग गांवों में हुई तीन घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं से पूरे क्षेत्र में भय और शोक का माहौल है।
पहली घटना सम्हौता गांव की है, जहां धान की बुवाई के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वह चंद्रदीप प्रसाद का इकलौता पुत्र था। हादसे के समय रोहित अपने माता-पिता के साथ खेत में काम कर रहा था। बिजली की चपेट में आने से माता-पिता तो बाल-बाल बच गए, लेकिन रोहित की जान नहीं बच सकी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
दूसरी घटना कोपा उत्तर टोला में हुई, जहां धान की बुवाई कर रहे 35 वर्षीय ओमप्रकाश मांझी पर आकाशीय बिजली गिर गई। झटका इतना तेज था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। समाजसेवी गिरिधर सोनी, हरिन्द्र कुमार और नीरज ठाकुर सहित कई लोगों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
इसी क्रम में तीसरी घटना टड़वा गांव में हुई, जहां खेत में धान की बुवाई करवा रहे अवधेश सिंह आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है। साथ ही मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। लगातार हो रही घटनाओं ने एक बार फिर मानसून के दौरान सतर्कता बरतने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।




Recent Comments