
दैनिक खोज खबर/जलालपुर (सारण)। थाना क्षेत्र के रामपुर नूर नगर गांव में स्वर्गीय नागेश्वर राय के दरवाजे पर आयोजित सावन पूजा के अवसर पर भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। करीब 96 वर्षों से चली आ रही इस पारंपरिक पूजा में इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण शामिल हुए। नृत्य, गायन और हास्य प्रस्तुतियों से कलाकारों ने पूरी महफिल को भक्तिरस में डुबो दिया।
कार्यक्रम में बिहार के चर्चित कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। सोनम मिश्रा, डॉली सिंह, अंजलि यादव, बादल बवाली, कॉमेडियन स्टार अविनाश, निशु, लखन लाल लहरी समेत कई कलाकारों ने नृत्य, संगीत और मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों की भीड़ जमी रही और कलाकारों की प्रस्तुतियों पर लोग झूमते नजर आए।
आयोजन से जुड़े स्वर्गीय नागेश्वर राय के पुत्र प्रमोद कुमार, अशोक कुमार, नितेश कुमार, गुड्डू एवं सुमन राय, रामायण राय, मनीष कुमार सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि सावन पूजा का आयोजन उनके पूर्वजों के समय से वर्ष 1930 से लगातार होता आ रहा है। लगभग नौ दशक से चली आ रही यह परंपरा आज भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है।
आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि गांव की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नई पीढ़ी भी इस परंपरा से जुड़ रही है और इसे आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति की ओर से सभी कलाकारों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने इस ऐतिहासिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने के लिए आयोजक परिवार की सराहना की।




Recent Comments