छपरा। रविवार को छपरा के रामजयपाल कॉलेज स्थित लक्ष्मीनारायण यादव अध्ययन केन्द्र में एक भव्य ‘सम्मान समारोह सह काव्य पाठ’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ कवि एवं आचार्य प्रो० दिनेश कुशवाह ने अपनी ओजस्वी और मर्मस्पर्शी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रो० कुशवाह ने अपनी चर्चित कविताओं- इसी काया में मोक्ष, डॉ. विश्वनाथ त्रिपाठी का खाना, अच्छे दिनों का डर और राजा तुम मंदिर बनवाओ- का पाठ कर समाज की वास्तविक तस्वीरों, विसंगतियों और हाशिए पर खड़े लोगों के दर्द को बेहद संवेदनशीलता के साथ उभारा। उनकी कविताओं में इतिहास के उपेक्षित श्रमिकों और वंचित तबकों की जोरदार गूंज सुनाई दी। इसके अलावा, सिनेमा की प्रसिद्ध हस्तियों मीना कुमारी और रेखा पर लिखी उनकी कविताओं ने आत्मीय संबंधों और मनुष्य के भीतर छिपी मानवीयता की गहराई को खूबसूरती से परिभाषित किया। श्रोताओं ने बार-बार तालियां बजाकर कवि का उत्साहवर्धन किया।

विज्ञापन

समारोह का मुख्य आकर्षण ब्रजकिशोर मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा प्रो० पंकज कुमार (निवर्तमान आचार्य, इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं पूर्व सदस्य, यूपीपीएससी) को प्रदान किया गया ‘लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान’ रहा। यह सम्मान उन्हें उनके दीर्घ अकादमिक योगदान के लिए दिया गया। इस अवसर पर प्रो० पंकज कुमार ने युवाओं से पुस्तकों से जुड़ने और तर्कशील सोच विकसित करने की प्रेरणादायक अपील की।

कार्यक्रम के दौरान डॉ० अमित रंजन के नवीनतम काव्य-संग्रह ‘मौसिकी’ का लोकार्पण भी धूमधाम से किया गया।समारोह के आयोजक व विधान पार्षद प्रो० वीरेन्द्र नारायण यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। इस साहित्यिक महाकुंभ में प्रो० लाल बाबू यादव, प्रो० सिद्धार्थ शंकर, डॉ० एलबी यादव, प्रो० उषा कुमारी, नदीम अहमद, पूर्व विधायक डॉ० सीएन गुप्ता और प्रो० अशोक कुमार सिन्हा सहित शिक्षा और साहित्य जगत की कई जानी-मानी हस्तियां उपस्थित रहीं। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।