
दैनिक खोज खबर/जलालपुर(सारण)।प्रखंड के नवादा पंचायत अंतर्गत सर्विसरेयां गांव निवासी विजय पांडेय की पुत्री विशाखा पांडेय ने महज 25 वर्ष की उम्र में असिस्टेंट प्रोफेसर बनकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। जेपी विश्व विद्यालय के अंतर्गत राजकीय डिग्री महाविद्यालय, भगवानपुरहाट में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर उनकी नियुक्ति हुई है। उनकी इस उपलब्धि से नवादा पंचायत सहित पूरे जलालपुर प्रखंड में खुशी का माहौल है।
सामान्य ग्रामीण परिवार से आने वाली विशाखा ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। दो बड़े भाइयों की छोटी बहन विशाखा ने ग्रामीण परिवेश में रहकर शिक्षा प्राप्त की और अपनी सफलता से क्षेत्र के उन छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं।
विशाखा की सफलता की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोगों ने उनके परिवार को बधाई दी। भटकेसरी पंचायत के पूर्व मुखिया श्री राम राय विशाखा के घर पहुंचे और उनके माता-पिता को मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटी का इतनी कम उम्र में असिस्टेंट प्रोफेसर बनना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। विशाखा ने अपनी सफलता से यह साबित किया है कि प्रतिभा और मेहनत के सामने संसाधनों की कमी बाधा नहीं बन सकती।
ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विशाखा की उपलब्धि को लेकर लोगों का कहना है कि उनकी सफलता से गांव और आसपास के बच्चों में शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह पैदा होगा। विशाखा आज ग्रामीण क्षेत्र में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणास्रोत और आइकॉन बनकर उभरी हैं।
विशाखा की इस उपलब्धि पर देवनाथ ठाकुर (प्रखंड भाजपा उपाध्यक्ष), सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश कुमार सिंह उर्फ पथल सिंह, नवादा पंचायत के बीडीसी प्रतिनिधि राजेश कुमार सिंह, नवादा पंचायत के मुखिया विष्णु प्रसाद यादव, पूर्व मुखिया अशोक कुमार सिंह एवं राजकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




Recent Comments