एकमा (सारण)। एकमा थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने मोटर पार्ट्स की दो दुकानों को निशाना बनाते हुए शटर काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी रविवार की सुबह दुकानदारों को हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।चोरी की घटना एकमा थाना क्षेत्र के आमडाढ़ी निवासी मोटर पार्ट्स दुकानदार नकुल सिंह व संजय सिंह की दुकानों में हुई। दुकानदारों के अनुसार, चोरों ने दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे नकद रुपये के अलावा हजारों रुपये मूल्य के छोटे-बड़े मोटर पार्ट्स चोरी कर लिए।
दुकानदारों ने घटना की जानकारी तत्काल एकमा थाना की डायल-112 पुलिस टीम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों दुकानों का निरीक्षण कर घटना की जांच-पड़ताल की।
दुकानदारों ने बताया कि चोरी किए गए सामानों का पूरा आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नकद राशि के साथ बड़ी मात्रा में मोटर पार्ट्स चोरी हुए हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि चोरी की वारदात की गंभीरता से जांच की जा रही है और चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एकमा थानाध्यक्ष राम बालक यादव ने बताया कि पीड़ितों की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर मौके का मुआयना किया है। दुकानदारों की ओर से अभी कोई आवेदन नहीं मिला है। बहरहहाल, मामले की जांच की जा रही है।