बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ छापेमारी
सिवान : शहरवासियों पर बिजली कम्पनी 57 करोड़ से अधिक का बिल बकाया है। बिल वसूली के लिए कार्यपालक अभियंता के निर्देश पर बुधवार को शहर में बकायेदारों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया। फतेहपुर, स्टेशन रोड, सोनारटोली, शांतिवट वृक्ष, महादेवा समेत कई मोहल्लों में बिजली कम्पनी की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान 33 उपभोक्ताओं का कनेक्शन अधिक बकाया पर काटा गया। इसमें से कई उपभोक्ता ऐसे भी तो जो कई माह से नियमित बिल नहीं जमा कर रहे थे। विद्युत कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि शहर से छापेमारी अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान पूरे जिले में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पांच हजार से अधिक का बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन काटा जाएगा। इसके बाद बिजली जलाते पाए जाने पर उनके खिलाफ बिजली चोरी की एफआईआर स्थानीय थाने में दर्ज करायी जाएगी। उन्होंने कहा कि बड़े बकायेदार कार्यालय में सम्पर्क कर किस्त में भी राशि का भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें कार्यालय में आवेदन देना होगा।
थ्री फेज उपभोक्ताओं पर विशेष जोर
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि थ्री फेज के उपभोक्ताओं के बिल बकाया पर कम्पनी की विशेष नजर है। कहा कि बिलिंग के बाद उपभोक्ता को 15 दिन का समय दिया जाता है। निर्धारित समय-सीमा के अंदर बिजल बिल नहीं जमा करने वालों का बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें पूरा पैसा जमा करने के बाद आरसी/डीसी का रसीद कटाना होगा। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करायी जाएगी




Recent Comments