दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा। आजादी के जश्न और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को मढ़ौरा में एक भव्य और आकर्षक तिरंगा यात्रा निकाली गई. प्रखंड मुख्यालय से शुरू हुई इस यात्रा में प्रशासन, नगर पंचायत, शिक्षकों और स्कूली बच्चों ने भारी संख्या में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. तिरंगा यात्रा का नेतृत्व बीडीओ अभिषेक कुमार प्रभाकर, नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रूबी सिंह और कार्यपालक पदाधिकारी हरिश्चंद्र ने संयुक्त रूप से किया. हाथों में तिरंगा थामे बच्चों और युवाओं द्वारा लगाए गए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा. बच्चों का यह उत्साह और अनुशासन देखते ही बनता था, जिसने पूरे शहर के माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया.यह इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों के दिलों में राष्ट्रीयता की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करना तथा देश के स्वाभिमान के प्रतीक तिरंगे के प्रति सम्मान बढ़ाना था.यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सभी लोग पूरी ऊर्जा के साथ शामिल रहे.इस अवसर पर नगर पंचायत के कनीय अभियंता (जेई) शशि शेखर, लेखापाल रणधीर सिंह, शिक्षक प्रमोद सिंह, उमेश कुमार गुप्ता सहित अंचल और नगर पंचायत के तमाम कर्मी तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से उपस्थित रहे.