
छपरा : पवित्र सावन मास की दूसरी सोमवारी के अवसर पर शहर के प्रसिद्ध धनी धर्मनाथ मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारत स्काउट और गाइड, सारण के 50 कैडेटों ने मोर्चा संभाला। अनुमंडल पदाधिकारी छपरा सदर और जिला शिक्षा पदाधिकारी के संयुक्त निर्देश पर मंदिर परिसर में एक विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
सुबह से ही जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज के नेतृत्व में कैडेटों ने अनुशासन और सेवा भावना की मिसाल पेश की। मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए कैडेटों ने उन्हें कतारबद्ध कराया। इसके साथ ही, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को संभालते हुए दर्शन के उपरांत श्रद्धालुओं को सुरक्षित रूप से बाहर निकालने में भी अहम भूमिका निभाई।

विज्ञापन
इस सेवा शिविर में जिला प्रशिक्षक प्रणव सिंह और सोनू गुप्ता सहित सभी 50 कैडेटों ने पूरी निष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन किया। जिला संगठन आयुक्त अमन राज ने कहा कि स्काउट-गाइड का मुख्य उद्देश्य समाज सेवा और अनुशासन है। ऐसे धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सेवा करना कैडेटों के लिए गौरव की बात है। प्रशासन के सहयोग से चलाए गए इस सेवा कार्य से शिव भक्तों को काफी सुविधा मिली, जिसकी सभी ने सराहना की।




Recent Comments