मुंडवा नट बस्ती में लगी भीषण आग,19 घर जलकर राख
#रजनीश पांडेय/इसुआपुर (सारण)। थाना क्षेत्र के मुंडवा खास गांव के नट बस्ती में बुधवार की शाम भीषण आग लग गई । जिसमें 19 फूसनुमा घर जलकर राख हो गया । इनके घरों में रखे अनाज, कपड़े ,बिछावन, गहने,नकदी,बकरी समेत घरों में रखे सब कुछ स्वाहा हो गया । प्राण नट की तीन बकरी भी अग्नि की भेंट चढ़ गई । वहीं लक्ष्मण नट ने बताया कि कमिटी से कल ही चालीस हजार रूपए क़र्ज़ के उठाया था । जो आग में जलकर राख हो गया । सड़क किनारे बिजली के तार व पोल पर लगे बोर्ड भी झुलस गए ।अगलगी में उमेश नट, दीपक नट, विक्की नट, बबलू नट, राजेश नट, तारकेश्वर नट, सुनील नट, लालू नट,रमुनी कुंवर, हीरा नट, बिंदा नट, संतोस नट,भोला नट,रामजी नट,मालती देवी,उर्मिला देवी,राजकिशोर नट समेत उन्नीस लोगों के घरों में कुछ भी नहीं बचा है । इन बेघर हुए लोगों को भोजन तथा कपड़े के भी लाले पड़ गए हैं ।

जदयू के प्रखण्ड अध्यक्ष छबीनाथ सिंह ने घटना की सूचना सीओ, बीडीओ, थाना तथा अग्निशामक विभाग को दी । वहीं बिजली विभाग के अधिकारी को फोन कर लाईन कटवाया । शीघ्र ही इसुआपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई । वहीं आधे घण्टे में अग्निशामक गाड़ी पहुंचकर सुलगते आग को बुझाया । शाम को खाना बनाने के दौरान चिंगारी से आग लगने की बात बताई जा रही है । सीओ अजय कुमार ठाकुर तथा प्रभारी बीडीओ मोहम्मद सज्जाद भी घटनास्थल पहुंचे तथा बेघर हुए पीड़ित लोगों को सरकारी स्तर पर तत्काल उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुंडवा में रहने तथा खाने-पीने की व्यवस्था कराई । स्थानीय लौवा पंचायत के मुखिया पति अरविंद चौरसिया, पूर्व मुखिया श्रीभगवान बैठा, सरपंच मनोज मांझी,बीडीसी हरेराम राम, जिला पार्षद पति गंगा सागर राम, रंजन नट, राजेश शर्मा, सत्येन्द्र कुशवाहा तथा अन्य लोगों ने वहां पहुंचकर आग को बुझाया तथा पीड़ित परिवारों को सांत्वना दिया ।