शिवालयों में जलाभिषेक को उमड़ी भक्तों की भीड़

✍परवेज अख्तर/सिवान;

सिवान : सावन मास की तीसरी सोमवारी के मौके पर सुबह से ही जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्र के शिवलायों में भगवान भोले शंकर को जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान श्रद्धालु पूजा सामग्री के साथ मंदिरों में पहुंच भगवान शिव को जलाभिषेक किया। मंदिर तथा शिवालय हर-हर महादेव, बोल बम एवं ओम नम: शिवाय के जयकारों से गुंजायमान रहा। तीसरी सोमवारी और नागपंचमी को देखते हुए शिवालयों व मंदिरों के पट रोज के निर्धारित समय से पहले खोल दिए गए थे। श्रद्धालु सोमवार की अल सुबह पूजा सामग्री के साथ शिवालयों में पहुंच गए तथा भगवान शिव की श्रद्धा, भक्ति के साथ जलाभिषेक तथा पूजा अर्चना कर सुखमय जीवन की कामना की। शिवालयों में भगवान शिव की पूजा के साथ अन्य देवी-देवताओं की भी पूजा-अर्चना की गई। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती गई। श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने से श्रद्धालुओं को कतार में खड़ी होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति के सदस्य तथा पुलिस के जवान सक्रिय दिखे। जलाभिषेक के बाद कई श्रद्धालु उपवास रहकर भगवान शिव की आराधना किए। इस मौके पर अधिकांशत: महिलाएं हरे परिधान में तो पुरुष केसरिया रंग में दिखाई दे रहे थे।
शहर के महादेवा पंचमुखी शिव मंदिर, फतेहपुर, मखदुम सराय, पंचमंदिरा, सहित विभिन्न छोटे-बड़े शिवालयों में सुबह से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ था।