भीलवाड़ा: एक करोड़ का डोडा-चूरा पकड़ा, ट्रेलर जब्त, चालक-परिचालक फरार
आज़ाद नेब
भीलवाड़ा 4 जून। जिले की गुलाबपुरा थाना पुलिस ने एटीएस की सूचना पर राजमार्ग 79 पर कंवलियास टोल पर नाकाबंदी के दौरान करीब 1 करोड़ रुपए कीमत का डोडा-चूरा जब्त किया है। पुलिस ने नाकाबंदी कर चित्तौडग़ढ़ की तरफ से आ रहे संदिग्ध ट्रेलर की टोल पर पहुंचते ही तलाशी ली। पुलिस को देख चालक-परिचालक फरार हो गए। गुलाबपुरा थानाधिकारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि एटीएस से सूचना मिलने पर एनएच-79 पर कंवलियास टोल पर नाकाबंदी की तो एक ट्रेलर चित्तौडग़ढ़ की तरफ से आता दिखा। उसकी तलाशी लेने पर व्हाइट सीमेंट की आड़ में 125 कट्टे डोडा से भरे मिले। इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।