बेगुसराय:सूमो कार की ठोकर से युवक की मौत, हंगामा व सड़क जाम
👈अमित पोद्दार”दैनिक खोज खबर”बेगूसराय👉
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत अठवा ढाला के पास मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो जाने के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया. लोगों का कहना है कि बखरी पुलिस की सूमो गाड़ी से जबरदस्त टक्कर में युवक की जान चली गई है. उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए. लेकिन पुलिस इस बात को मानने से इंकार कर रही है.
पुलिस अज्ञात वाहन से ठोकर लगने की बात पर अड़ी हुई है.दुर्घटना के बाद मुफस्सिल थाना के एएसआई अरविंद मिश्रा शव को लेकर पोस्टमार्टम कराने सदर अस्पताल पहुंचे और अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज करना चाह रहे थे. लेकिन मृतक के परिजन व खंजाहपुर के मुखिया प्रमोद कुमार ने इसका विरोध किया.
पुलिस व ग्रामीणों के बीच इसको लेकर जमकर झड़प हुई. बाद में लोग शव को लेकर घटनास्थल पर पहुंच गये और सड़क जाम कर दिया. बाद में घटनास्थल पर पहुंचे सदर डीएसपी राजेश कुमार ने मृतक के आश्रित को आपदा कोष से 4 लाख रुपये दिलाने का आश्वासन देकर सड़क जाम हटाने के प्रयास में लगे हैं. शाम करीब 7 बजे तक सफलता नहीं मिल पायी थी.
लोग बखरी पुलिस प्रशासन की गाड़ी पर मामला दर्ज करने को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं.बतातें चलें कि चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के खंजाहपुर निवासी राजदेव सिंह के पुत्र कृष्णनंदन सिंह उर्फ मंजन सिंह (40) मोटरसाइकिल से अपने दो बेटे के साथ अपने गांव खंजाहपुर से बेगूसराय मार्केट आ रहे थे. रास्ते में अठवा ढाला के पास तेज गति से आ रही सूमो गाड़ी ने ठोकर मार दिया. जबरदस्त टक्कर में घटनास्थल पर ही मंजन की मौत हो गई.इसके साथ ही मंजन सिंह के दोनों पुत्र सज्जन कुमार (13) और हिमांशु कुमार (18) बुरी तरह घायल हो गए. दोनों घायल को सदर अस्पताल भेजा गया. दोनों घायलों ने भी पत्रकारों को बताया कि बखरी थानाध्यक्ष की गाड़ी ने ही ठोकर मारी है. इधर प्रत्यक्षदर्शियों का भी कहना है कि सूमो गाड़ी बखरी थानाध्यक्ष की थी. दुर्घटना के बाद सूमो चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया.




Recent Comments