नियमों की अवहेलना व लापरवाही पर करें कार्यवाही – कलक्टर
जिला यातायात प्रबंधन समिति की बैठक में बढ़ती दुर्घटनाओं पर रोक के संबंध में हुई चर्चा
फ़िरोज़ खान
बारां, 27 मई। जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि जिले में दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में वृद्धि हुई है एवं सबसे ज्यादा मृतक युवा हैं जो चिन्ता का विषय है अतः यातायात नियमों की सख्ती से पालना करवानी चाहिए एवं लापरवाही पर प्रभावी कार्यवाही की जानी चाहिए।
डॉ. सिंह शनिवार को मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित जिला यातायात प्रबंधन समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिले में बढ़ती दुर्घटनाओं के मद्देनजर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने, तेज गति से वाहन न चलाने, पार्किंग नियमों की पालना करने, दुकानों के बाहर व्यवस्थित पार्किंग करने आदि की जानकारी देते हुए नियमों की अनुपालना न करने पर नियमानुसार चालान आदि के माध्यम से दण्डित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा मृत्यु युवा आयु वर्ग से हुई है जिससे स्पष्ट है कि जागरूकता के अभाव में तेज गति से वाहन चलाने एवं नियमों की पालना नहीं करने से कई लोगों की मृत्यु हो रही है, इस स्थिति को बदलने के लिए सभी के सम्मिलित प्रयासों की आवश्यकता है।
हेलमेट संबंधी अभियान चलेगा
बैठक में पुलिस अधीक्षक डी.डी. सिंह ने कहा कि हेलमेट नहीं पहनने के कारण कई लोगों की सड़क दुर्घटना में सिर में चोट लगने से मृत्यु हो जाती है अतः जिले में हेलमेट संबंधी अभियान 27 मई 2017 से ही प्रारंभ किया जा रहा है जिसमें आमजन को हेलमेट पहनने हेतु जागरूक किया जाएगा एवं हेलमेट नहीं पहनने वालों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
ब्लेक स्पॉट करें चिन्हित
कलक्टर डॉ. सिंह ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिले में चिन्हित ब्लेक स्पॉट पर स्पीड ब्रेकर बनाने, सूचना पट्ट लगाने, रिफ्लेक्टर लगाने एवं गति सीमा संबंधी सूचना पट्ट लगाने के निर्देश दिए जिससे दुर्घटना संभावित स्थानों पर दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। इस पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग के अन्तर्गत 3 दुर्घटना संभावित स्थानों पर उचित व्यवस्था की गई है अन्य स्थान एनएचएआई के अन्तर्गत आते हैं। बैठक में मण्डोला से बराना रोड समेत अन्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सूचना पट्ट लगाने के निर्देश भी दिए गए।
रपट पर सूचना पट्ट लगाए
कलक्टर डॉ. सिंह ने आगामी वर्षा के मद्देनजर जिले में विभिन्न रपट वाली सड़कों पर सूचना पट्ट लगाने के निर्देश दिए जिससे किसी व्यक्ति की जल बहाव में बहने से मृत्यु न हो, उन्हांेने कहा कि सूचना पट्ट पर निर्देश साफ व स्पष्ट शब्दों में लिखे होने चाहिए। साथ ही अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी को प्रार्थना सभाओं में विद्यार्थियों यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए।
अतिक्रमण पर हो कार्यवाही
बैठक में समिति सदस्यों ने शहर में पशुओं के लिए हरा चारा विक्रय करने वाले 3 स्थलों को हटाने, दुकानों के बाहर लाईनिंग कर पार्किंग करने एवं दुकानदारों को अतिक्रमण न करने हेतु पाबन्द करने की बात कही। इस पर कलक्टर डॉ. सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डी.डी. सिंह ने इस संबंध में उचित कार्ययोजना बनाकर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जिला परिवहन अधिकारी दिनेश सिंह सागर ने बताया कि विभाग द्वारा प्रशिक्षण अभियान चलाकर दुपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही ओवरलोड वाहनों, टेªक्टर ट्रोली में ओवरलोड सवारियों पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा। लोक परिवहन की बसों पर भी तेज गति से चलने पर कार्यवाही की जाएगी। परिवहन अधिकारी ने कोटा रोड आरओबी पुलिया पर डायवर्जन नहीं होने और वाहन के घुमाव के लिए पर्याप्त स्थान नहीं होने से लगने वाले जाम की जानकारी देते हुए समस्या का निस्तारण करवाने की बात भी कही।
बैठक में कलक्टर डॉ. सिंह ने सड़कों के किनारे से झाड़िया व जंगली बंबूल हटाने, स्पीड ब्रेकर निर्धारित मानकों के अनरूप बनाने व उन पर जेब्रा क्रोसिंग करने व रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में भारी वाहनों की नो एन्ट्री, ट्रकों हेतु अन्यत्र पार्किंग करवाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर वासुदेव मालावत, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी विनोद मोलपरिया, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी रामकरण नागर, यातायात प्रबंधन समिति की सदस्य, यातायात पुलिस के प्रतिनिधि, मुख्य प्रबंधक रोडवेज आदि मौजूद थे।