समस्याओं को दर्ज कराये-डॉ. एस.पी. सिंह
कलक्टर डॉ. सिंह ने ग्राम पंचायत समरानिया में रात्रि चौपाल में की जनसुनवाई
फ़िरोज़ खान
बारां, 27 मई। जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि आमजन अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ लेते हुए विभिन्न समस्याओं को दर्ज करवाकर समयबद्ध सीमा में उसका निस्तारण करवा सकते हैं।
डॉ. सिंह पंचायत समिति शाहबाद की ग्राम पंचायत समरानिया के अटल सेवा केन्द्र में शुक्रवार को आयोजित रात्रि चौपाल के तहत जनसुनवाई में आमजन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, अतिक्रमण समेत किसी भी समस्या को लिखित मेें अटल सेवा केन्द्र पर ग्राम सचिव, ग्राम सेवक, पटवारी एवं सरपंच को देकर उसकी रसीद प्राप्त कर लें जिससे वह समस्या प्रदेश के राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज कर ली जाएगी और उस समस्या के निस्तारण हेतु अधिकारियों द्वारा की गई कार्यवाही की मॉनिटरिंग भी की जा सकेगी। इस प्रकार प्रदेश में सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज आमजन के परिवादों का परीक्षण कर सत्यता होने पर त्वरित राहत प्रदान करने की व्यवस्था की गई है जिसका सभी को लाभ लेना चाहिए।
जनसुनवाई में कलक्टर डॉ. सिंह ने बिजली, पानी, सड़क, अतिक्रमण आदि से संबंधित विभिन्न समस्याओं का सुना और उनके निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामवासियों को केन्द्र व राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड, भामाशाह कार्ड बनवाने एवं बैंक खाता खुलवाने की बात कही, जिससे योजना के पात्र व्यक्ति को लाभ सीधा बैंक खाते के माध्यम से दिया जा सके। साथ ही उन्होंने ग्रामवासियों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत घरों में शौचालय बनाने एवं उनके उपयोग हेतु प्रेरित किया जिससे गांव को स्वच्छ, स्वस्थ व खुशहाल बनाया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डी.डी. सिंह, एडीएम शाहबाद रामप्रसाद मीणा, उपखंड अधिकारी भूपेन्द्र यादव, राशन डीलर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम सेवक, पटवारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।




Recent Comments