
सोनपुर में बलिदान दिवस के रूप में मनाई गई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि
संजीत कुमार/दैनिक खोज खबर/सोनपुर। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल सोनपुर के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विधायक कार्यालय में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को ‘बलिदान दिवस’ के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बबलू ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने किया। इस दौरान नगर मंडल के तीनों शक्ति केंद्रों पर कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने डॉ. मुखर्जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म 6 जुलाई 1901 को कोलकाता में हुआ था। मात्र 33 वर्ष की आयु में वे कलकत्ता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति बने। वर्ष 1951 में उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना की और ‘दो निशान, दो विधान और दो संविधान’ का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर में बिना परमिट प्रवेश के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था, जहाँ 23 जून 1953 को संदिग्ध परिस्थितियों में उन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।वरीय नेता नरेश सिंह ने उन्हें महान राष्ट्र चिंतक बताते हुए कहा कि उनके ‘एक देश, एक विधान, एक निशान’ के नारे ने अखंड भारत की नींव रखी। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन देशहित के लिए समर्पित था और हमें उनके त्याग से सदैव प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




Recent Comments