सीवान :श्रीनिवास रामानुजन की जयंती पर गणित मेला का आयोजन
#परवेज़ अख्तर 
 सिवान :  
जिले के विभिन्न स्कूलों में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की 131वीं जयंती शुक्रवार को मनाई गई। इस मौके पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनकी जीवनी पर प्रकाश डाला गया। विद्यालयों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
तरवारा मोड़ स्थित होली फेथ स्कूल के परिसर में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती मनाई गई। इस मौके पर सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि रामानुज ने बिना उच्च शिक्षा प्राप्त किए विदेशों में जाकर गणित के क्षेत्र में भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने अपनी प्रतिभा और लगन से न केवल गणित के क्षेत्र में अद्भुत आविष्कार 
किए, वरन भारत को गौवान्वित किया। उन्होंने बच्चों को उनके जीवन से सीख लेने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर एस कुमार त्रिपाठी ने रामानुज जी को मेधावी व्यक्तित्व बताया। इस मौके पर वर्ग पांच की छात्रा सौम्या सिंह ने उन्हें गणित का महान आविष्कारक बताया। कार्यक्रम में शिक्षक विजय कुमार, अंकुश पांडेय आदि उपस्थित थे।
महावीरी सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर परिसर में भी महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती मनाई गई। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनकी जीवनी पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर एवं वंदना के साथ हुआ।मेला में विद्यालय के भैया-बहनों ने गणित विषय पर आधारित विभिन्न प्रकार के गणितीय आकार में व्यंजन को परोसा, जिसको देखकर आगंतुक अभिभावक एवं अन्य अवाक् रह गए।
गणितीय आकार में रंगोली बनाई। इस मौके पर पत्र वाचन, रंगोली, चित्रकला, वाक, चार्ट, रंग भरो, कविता, उल्टी गिनती आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आए बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
 महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में शुक्रवार को गणित मेले का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन प्रधानाध्यापक रामानंद देव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसमें बच्चों ने ज्यामितीय आकारों एवं दुर्लभ गणितीय सूत्रों का बिल्कुल 
ही सहज एवं सरल रूप में प्रदर्शन किया। साथ ही ज्यामितीय आकार में ही खाने पीने के कई छोटे-छोटे स्टॉल लगाए गए थे।