*सीवान में गरीबों को हक दिलाने के लिए भाकपा माले ने किया दो दिवसीय धरने का आगाज*
✍दैनिक खोज खबर के लिए कुमार विपेंद्र की रेपोर्ट
सीवान : पचरुखी प्रखंड कार्यालय पर भाकपा माले ने गौतम प्रसाद की अध्यक्षता में “भूमि सत्याग्रह आंदोलन” के तहत दो दिवशीय धरने का आगाज किया।उक्त धरना में गरीब किसानों  को उनका अधिकार दिलाने के लिए आंदोलन की बात कही गयी।
सभा को संबोधित करते हुए जिला पार्षद जयकरण महतो ने कहा कि लगभग सौ वर्ष पहले गरीबों को जमीन दिलाने के लिए महात्मा गांधी ने सत्याग्रह शुरु किया था।हम गरीबों को उनका हक दिलाकर गाँधी जी के सपनों को पूरा करेंगे।अब नितीश कुमार व उनके अफसरों की मनमानी नहीं चलेगी।
वहीं हसरत हुसैन ने कहा कि आज बिहार में दो दशक से तथाकथित सामाजिक न्याय की सरकार चल रही है।परंतु आज भी दबंगों की दबंगई हावी है।भूमाफिया बेनामी संपत्ति बनाकर जमीनों के मालिक बन बैठे हैं।विद्यालयों में बच्चों का निवाला-छात्रवृत्ति का घोटाला हो रहा है।मध्य विद्यालय सुरवाला की चर्चा करते हुए कहा कि विद्यालय अतिक्रमण का शिकार है।अधिकारी स्वयं अपनी आंखों से देख चुके हैं,शिकायत भी की जाती है।इसके बावजूद कारवाई नहीं हो रही है।सरकार ने गरीब किसानों को पांच डिसमिल जमीन देने की बात कही थी ।परंतु आज तक किसी गरीब को जमीन नहीं मिली।
कामरेड पुण्यदेव साह ने कहा आज भी गैर मजरूआ,परती कदीम भूमि और भूदान की जमीन पर दबंगों का ही कब्जा जबकि यह जमीन गरीबों को मिलनी चाहिए।सभा को संबोधित करते हुए जलालुद्दीन अंसारी ने कहा प्रखंड में 15-20 तक की संख्या में दलाल सक्रिय हैं ।जो कि लोगों को भरमा कर पैसा ऐंठते हैं।यहां बिचौलिया संस्कृति हावी है।मुखिया की दबंगई लोगों पर जारी है।प्रशासन जानते हुए भी कारवाई नहीं कर रहा है।मौके पर पीरबक्श मियां,जनार्दन यादव,प्रखंड सचिव कमलदेव, ओमशंकर पांडेय ,बच्चन महतो सहित सैकड़ों की संख्या में माले कार्यकर्ता उपस्थित थे।