सिवान :शहर के जेपी चौक पर ग्रामीण आवास कर्मियों ने सीएम का फूंका पुतला
#परवेज अख्तर / सिवान:-ग्रामीण आवास कर्मी संघ जिला इकाई सिवान के कर्मियों ने जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार के अध्यक्षता में शनिवार को शहर के गांधी मैदान में एकत्रित हुए। गांधी मैदान जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कर्मियों ने आक्रोश मार्च निकला जो जेपी चौक पहुंचा। दो सौ से ज्यादा की संख्या में आवास कर्मियों ने सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार का पुतला दहन किया। ज्ञात हो कि पिछले एक सप्ताह से राज्य भर के आवासकर्मी अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में हड़ताल पर है। लेकिन सरकार के हठधर्मी मानसिकता से अजीज कर्मियों ने शनिवार को मजबूरी में सैकड़ों की संख्या में सड़क पर उतर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि हम ग्रामीण आवास कर्मी सभी विगत चार वर्षों से अति अल्प मानदेय पर सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं को सफल बनाने में लगे हैं। लेकिन नियोजन के समय सरकार ने समय-समय पर वेतन वृद्धि का लाभ देने का लिखित वादा करने के बावजूद आज तक इस पर अमल नहीं कर सकी है। और हमें मानसिक एवं आर्थिक रुप से प्रताड़ित कर रही है। एक तरफ मुख्यमंत्री न्याय के साथ विकास का दावा कर रहे है। लेकिन जब मांगों के समर्थन में हम गुहार लगाते हैं तो उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। सरकार ने संविदा कर्मियों की सेवा नियमितीकरण हेतु दो वर्ष पहले उच्च स्तरीय कमेटी बनाई परंतु आज तक कमेटी का रिपोर्ट नहीं आया। सरकार रिपोर्ट नहीं प्राप्त होने का बहाना बनाकर समय खींच रही है। वहीं दूसरी तरफ उच्च स्तरीय समिति का लगातार समय विस्तार कर सरकार मामले को टालने की मंशा जाहिर कर रही है। हम सभी राज्य सरकार से मांग करते हैं कि अविलंब हमारी वाजिब मांगों पर विचार करते हुए मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि के साथ-साथ सेवा स्थाई की जाए। अन्यथा हम सभी सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।




Recent Comments