सिवान :आत्मदाह की चेतावनी के बाद हुई मापी
#परवेज़ अख्तर/सीवान:जिले के नौतन प्रखंड के जगदीशपुर गांव में दो पट्टीदारों के बीच जमीन की मापी में हो रही देरी से मायूस एक दंपती ने जिला प्रशासन व स्थानीय प्रशासन को आवेदन देकर आत्मदाह की चेतावनी दी। गांव के अवधबिहारी सिंह के आत्मदाह की चेतावनी के बाद प्रशासन सकते में आया व जमीन की पैमाइस 2 अप्रैल को कराने का समय दे दिया गया। अवधबिहारी सिंह एवं पारसनाथ सिंह के बीच पूर्व से जमीन का विवाद चला आ रहा है, जिसमें उप समाहर्ता भूमि सुधार द्वारा 14 अप्रैल 2014 को आवेदक के दस्तावेज में वर्णित चौहदी के अनुसार मापी कराने एवं अतिक्रमण मुक्त कराते हुए विवाद का निपटारा करने का निर्देश सीओ दिया गया। निर्देश मिलने के इतने साल बाद भी विवादित जमीन की पैमाइश नहीं कराने एवं विवाद का निपटारा नहीं कराने से परेशान अवधबिहारी सिंह एवं उनकी पत्नी ने 3 अप्रैल को प्रखंड कार्यालय के परिसर में मिट्टी का तेल अपने शरीर पर डालकर आत्मदाह करने की बात कही। जिसके बाद प्रशासन सकते में आ गया और दो अप्रैल को अंचल निरीक्षक केपी गुप्ता, राजस्व कर्मचारी दीनानाथ भगत, स्थानीय सरपंच तारा कुमार यादव व पुलिस की उपस्थिति में सरकारी अमीन द्वारा विवादित जमीन की पैमाइश की गई। दूसरे पक्ष के पारसनाथ सिंह ने पैमाइश को मानने से इंकार करते हुए कहा कि यह पैमाइश सही ढंग से नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि डीसीएलआर के यहां आवेदन देकर किसी दूसरे अमीन से दोबारा पैमाइश कराने की बात कही गई है।