बैठक में शामिल विभागीय अधिकारी व कर्मी

आशा कार्यकर्ताओं द्वारा कम आभा कार्ड निर्माण पर जिला स्वास्थ्य समिति सख्त, दिए गए प्रगति सुधार के निर्देश

धर्मेंद्र रस्तोगी/छपरा, 21 अगस्त।
सदर अस्पताल परिसर स्थित जिला स्वास्थ्य समिति (डी एच एस) के सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड सामुदायिक मोबिलाइज़र (बीसीएम) की उपस्थिति में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा बनाए जा रहे आभा कार्ड की प्रगति की समीक्षा करना था। समीक्षा के दौरान कई क्षेत्रों में कार्य की गति धीमी पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।

प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर अधिकारियों की चेतावनी: सिविल सर्जन
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी ने बताया कि समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि कई आशा कार्यकर्ताओं द्वारा अपेक्षित संख्या में आभा कार्ड का निर्माण नहीं किया जा रहा है, जिससे प्रगति असंतोषजनक रही। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला सामुदायिक समन्वयक (डीसीएम) ने सभी बीसीएम को अपने- अपने क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से प्रेरित और मार्गदर्शित करने का निर्देश दिया है। सभी कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि वह एम आशा ऐप के माध्यम से नियमित रूप से आभा कार्ड का निर्माण करें। साथ ही बीसीएम को यह जिम्मेदारी दी गई है कि प्रतिदिन आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों का मूल्यांकन करें। वहीं जिन क्षेत्रों या आशा कार्यकर्ताओं की प्रगति कम पाई जाएगी, उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा और सुधार लाया जाएगा।

सिविल सर्जन की अध्यक्षता में हुई समन्वय समिति की बैठक:
सिविल सर्जन डॉक्टर राज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आभा कार्ड और आयुष्मान कार्ड के शत- प्रतिशत निर्माण की दिशा में तेजी लाने के लिए समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डीपीएम अरविंद कुमार, डीपीसी (आयुष्मान भारत) अभिनय कुमार, डीसीएम ब्रजेंद्र कुमार सिंह, डीएमएंडई ब्रजेश सिंह, प्रखंड़ स्तर के सभी बीसीएम सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए आयुष्मान और आभा कार्ड का निर्माण युद्ध स्तर पर किया जाएगा। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि नए दिशा- निर्देशों और नियमित मॉनिटरिंग से आगामी दिनों में सारण जिले की प्रगति रिपोर्ट में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।