
छपरा, 17 अगस्त।
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने देशवासियों के लिए कई आकर्षक और ग्राहक- केंद्रित डिजिटल सौगातों का ऐलान किया है। आत्म निर्भर भारत और डिजिटल इंडिया के विजन से प्रेरित होकर बीएसएनएल ने देश के डिजिटल भविष्य को और अधिक मजबूत तथा सुलभ बनाने के उद्देश्य से किफायती दरों पर कई नई सेवाएं शुरू की हैं। इस संबंध में दूर संचार विभाग के उपमहाप्रबंधक (डीजीएम) रूपेंद्र पाठक ने अपने कार्यालय में बताया कि मात्र ₹1 में ‘फ्रीडम 2.0’ मोबाइल ऑफर- नए ग्राहकों के लिए लाए गए इस विशेष ऑफर के तहत मात्र ₹1 में बीएसएनएल मोबाइल सेवा का अनुभव मिलेगा। इसमें ग्राहकों को 24 दिनों की वैधता के साथ प्रतिदिन 1 GB डेटा, 100 SMS और अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा दी जा रही है।
वहीं नियमित रूप से ₹1,199 की कीमत वाले ब्रॉडबैंड प्लान को विशेष लॉन्च ऑफर के तहत ₹1,111 प्रतिमाह में उपलब्ध कराया गया है। इसमें 200 Mbps तक की हाई-स्पीड इंटरनेट स्पीड, 5,000 GB मासिक डेटा और 25 से अधिक प्रीमियम ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का एक्सेस शामिल है। ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए पेश किए गए इस विशेष प्लान में 25 Mbps तक की स्पीड से 700 GB डेटा, सभी नेटवर्क्स पर 24×7 अनलिमिटेड कॉलिंग और प्रसार भारती WAVES (प्रीमियम ऐड-ऑन पैक ₹30 में) का लाभ मिलता है। यह योजना मासिक, छमाही और वार्षिक रेंटल विकल्पों में उपलब्ध है।
मुफ्त एंटरटेनमेंट टीवी और ‘BYO’ सेवा-
बीएसएनएल मोबाइल उपभोक्ता अब BSNL Selfcare App के माध्यम से बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ‘BSNL Free Entertainment TV’ (टैंगो टीवी द्वारा संचालित) का आनंद ले सकेंगे, जिसमें लाइव टीवी और ऑन-डिमांड कंटेंट मिलेगा। इसके अलावा, उत्तर और पूर्वी क्षेत्रों में ‘Build Your Own OTT’ सेवा भी शुरू की गई है, जिससे ग्राहक अपनी पसंद के ओटीटी विकल्प चुन सकते हैं। ₹2,399 वार्षिक प्लान पर अतिरिक्त वैधता- स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ₹2,399 के वार्षिक प्रीपेड प्लान पर 47 दिनों की अतिरिक्त वैधता दी जा रही है, जिससे कुल वैधता 365 दिनों से बढ़कर 412 दिन हो गई है।
बिहार परिमंडल और सारण के लिए विकास रोडमैप:
बिहार में दूरसंचार सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए 4G नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में छपरा में 100 नए 4G टावर स्थापित किए जाएंगे, जिन्हें मई 2027 तक ऑन- एयर करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे क्षेत्र में नेटवर्क क्षमता और सेवा की गुणवत्ता में सुधार होगा। इसके अतिरिक्त, संशोधित भारतनेट प्रोग्राम (ABP) के अंतर्गत छपरा में नेटवर्क को रिंग टोपोलॉजी में विकसित करने और ग्राम पंचायत स्तर पर आधुनिक MPLS राउटर्स स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों, विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों को Last Mile Connectivity के जरिए हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड का लाभ मिलेगा।
पॉलीकैब के साथ रणनीतिक साझेदारी:
ब्यापारिक और तकनीकी मोर्चे पर बीएसएनएल ने Hardware-as-a-Service (HaaS) मॉडल के माध्यम से अगली पीढ़ी के Integrated Business Solutions (IBS) प्रदान करने के लिए पॉलीकैब के साथ हाथ मिलाया है। यह साझेदारी लागत प्रभावी और भविष्य के अनुकूल डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में मददगार साबित होगी। बीएसएनएल इन सभी पहलों के जरिए देश के हर कोने तक सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती डिजिटल कनेक्टिविटी पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर दूर संचार विभाग के उपमहाप्रबंधक (डीजीएम) रूपेंद्र पाठक, सहायक महाप्रबंधक (ऑपरेशन) अब्दुल मजीद, एसडीओ विकास कुमार और जेटीओ अमन कुमार सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।




Recent Comments