
छपरा। विधानसभा क्षेत्र की बालिकाओं के लिए एक बेहद सुखद और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। क्षेत्र की विधायिका छोटी कुमारी के निरंतर और सार्थक प्रयासों का परिणाम रंग लाया है, जिसके तहत अब छपरा सदर प्रखंड में 100 सीटों (आसन) वाले आधुनिक “जननायक कर्पूरी ठाकुर बालिका छात्रावास” के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इस सौगात से विशेष रूप से पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग की छात्राओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सुलभ और गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी।

विधायिका के त्वरित प्रयासों से मिली गति
उल्लेखनीय है कि विधायक छोटी कुमारी ने इस आवश्यक मांग को प्रमुखता से उठाते हुए 13 अगस्त 2026 को (पत्रांक 0-261/26) के माध्यम से बिहार सरकार की पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्रीमती रमा निषाद को पत्र लिखा था। अपने इस पत्र में उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और उनकी आवासीय कठिनाइयों को दूर करने के लिए छात्रावास स्वीकृति का विशेष अनुरोध किया था।
प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया शुरू
विधायिका के इस पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए विभागीय मंत्री ने 20 अगस्त 2026 को (पत्रांक 1110/का 0) के जरिए सारण के जिलाधिकारी को आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत छपरा सदर प्रखंड में उपयुक्त भूमि का चयन कर यथाशीघ्र अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू हो सके।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के धरातल पर उतरने से ग्रामीण व दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को पढ़ाई के दौरान आवास और सुरक्षा संबंधी समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय अभिभावकों और बुद्धिजीवियों ने विधायिका के इस जनहितकारी कदम की सराहना की है।





Recent Comments