
सारण के एकमा में ट्रेन की लाइट इंजन से कटकर बीएसएफ जवान की हुई मौत
अनसुलझी पहेली : रेलवे लाइन पार करने अथवा ट्रेन से गिरने के बाद हुआ हादसा
रिपोर्ट/प्रो. ए. के. सिंह,एकमा (सारण) : पूर्वोत्तर रेलवे के सीवान-छपरा रेलखंड पर एकमा रेेेलवे स्टेशन से पश्चिम आमड़ाढ़ी गांव के समीप रेलवे के निर्माणाधीन फ्लाईओवर/ऊपरी सड़क पुल के नजदीक शनिवार की अहले सुबह एक बीएसएफ जवान की ट्रेन के लाइट इंजन से कटकर मौत हो गई। हालांकि अभी यह अनसुलझी पहेली ही है कि बीएसएफ जवान की मौत रेलवे लाइन पार करने के दौरान अथवा यात्रा के दौरान ट्रेन से गिरने के बाद कटकर हुई है।

इस बीच जानकारी पाकर राजकीय रेल पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार प्रसाद, सिपाही अशोक पासवान, आरपीएफ के सिपाही शंभू नाथ व एकमा थाने के एसआई मनोज कुमार भी मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंच गए।
इस दौरान पुलिस ने मौके पर बरामद मोबाइल से जांच-पड़ताल कर शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी है। स्टेशन अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार सिंह की ओर दी गई सूचना पर एकमा पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शव की शिनाख्त बीएसएफ 115 बटालियन दिल्ली के जवान और उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के पिंडी गांव निवासी रविंद्रपति त्रिपाठी के पुत्र राजेश्वर पति त्रिपाठी (40) के रूप में हुई हैं।
मामले में पुलिस छानबीन में जुट गई हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पहले इसी स्थान के समीप उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के निवासी दो बाइक सवार युवकों की मौत रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन से कटकर हो गई थी।




Recent Comments