राजेंद्र कॉलेज सहित कई अन्य स्कूली बच्चों को किया गया जागरूक:

छपरा, 19 अगस्त।
नशा मुक्ति एवं इसके दुष्परिणामों के प्रति छात्र- छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सारण जिला मुख्यालय स्थित स्थानीय सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी अनामिका दीदी के नेतृत्व में राजेंद्र कॉलेज, लोकमान्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उत्क्रमित मध्य विद्यालय राम नगर एवं संस्कृति मॉडल स्कूल में कार्यक्रम आयोजित कर नशा मुक्त समाज बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया।

नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान से संबंधित दी गई विस्तृत जानकारी:
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी प्रियांशु बहन ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को तो नुकसान पहुंचाता ही है, साथ ही उसके परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। क्योंकि युवावस्था जीवन निर्माण का महत्वपूर्ण समय माना गया है। ऐसे में युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से स्वयं दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस दौरान उक्त विद्यालयों एवं महाविद्यालय के छात्र- छात्राओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को तनाव एवं परेशानियों से निपटने के लिए सकारात्मक सोच अपनाने की जरूरत:
बीके अरविंद भाई ने बताया कि मजबूत इच्छाशक्ति, सकारात्मक सोच और अच्छे संगत के माध्यम से नशे की प्रवृत्ति से बचा जा सकता है। विद्यार्थियों को तनाव एवं परेशानियों से निपटने के लिए सकारात्मक सोच अपनाने तथा योग, ध्यान और आध्यात्मिक चिंतन को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी गई। कार्यक्रम के दौरान छात्र- छात्राओं ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। शिक्षकों ने भी ब्रह्माकुमारी संस्था के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर से नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाना युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त जीवन जीने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर राजेंद्र कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो डॉ संजय कुमार, प्राध्यापक डॉ ऋचा मिश्रा और डॉ बी एस साहू, लोकमान्य उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य पवन कुमार मिश्रा, उक्रमित मध्य विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार चौधरी, संस्कृति मॉडल स्कूल के निदेशक संदीप आनंद के अलावा स्थानीय सेवा केंद्र के बीके अरविंद भाई, बीके प्रियांशु बहन, बीके पिंकी बहन सहित कई अन्य भाई और बहनों का सहयोग रहा।