रोते बिलखते परिजन

राजेश उपाध्याय।
भेल्दी (सारण)।सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के कटसा पंचायत अंतर्गत जाफरपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। डबरा नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान जाफरपुर गांव निवासी भागवत सिंह के 40 वर्षीय पुत्र रामनाथ सिंह के रूप में हुई है।

कैसे हुई घटना?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनाथ सिंह गुरुवार की शाम शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वे अचानक डबरा नदी में जा गिरे और गहरे पानी में डूब गए। शुक्रवार की दोपहर जब कुछ स्थानीय लोगों ने नदी में एक शव को तैरते हुए देखा, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही भेल्दी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला और उसकी शिनाख्त करवाई। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है।

छाया मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

अचानक हुई इस अनहोनी से मृतक के घर में कोहराम मच गया है। रामनाथ सिंह का शव सामने आते ही उनकी पत्नी रेणु देवी दहाड़ मारकर रो पड़ीं। वहीं, मां पार्वती देवी और पिता भागवत सिंह अपने जवान बेटे के गम में पूरी तरह बेसुध हो चुके हैं। मृतक के तीनों बच्चे—अजय कुमार, सूरज कुमार और पुत्री काजल कुमारी अपने पिता के शव से लिपटकर लगातार रो रहे हैं, जिससे पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है।