
लहलादपुर(सारण)। प्रखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार को शहीद दरोगा मिथिलेश कुमार एवं सिपाही फारूक अंसारी की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनायी गयी। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बीडीओ सत्येंद्र परासर ने शहीद दरोगा मिथिलेश कुमार के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और पुलिस सेवा के प्रति समर्पण को याद किया।कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख रामाशीष यादव ने कहा कि मिथिलेश कुमार ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया। देश और समाज की सुरक्षा के लिए उनके द्वारा दिया गया बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके जीवन से पुलिसकर्मियों और युवाओं को कर्तव्य के प्रति ईमानदारी एवं निष्ठा की प्रेरणा मिलती है।

इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गयी। उपस्थित लोगों ने शहीद के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। मौके पर सीओ रौशनी राखी, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, मुजफ्फर इलियास आदि मौजूद रहे।




Recent Comments