पानापुर (सारण)। प्रखंड क्षेत्र के लोगों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ दिलाने के लिए 19 से 21 अगस्त तक विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप में लोगों को रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने, योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी तथा आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।कैंप में इच्छुक उपभोक्ताओं को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ आवेदन करने में भी सहयोग किया जाएगा। सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरों की छत पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली की जरूरत को पूरा करना और बिजली खर्च में कमी लाना है।
केंद्र सरकार की योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने पर केंद्रीय वित्तीय सहायता दी जाती है। आधिकारिक दिशा-निर्देश के अनुसार पहले 2 किलोवाट तक की क्षमता पर बेंचमार्क लागत का 60 प्रतिशत तथा अतिरिक्त 1 किलोवाट क्षमता पर 40 प्रतिशत की दर से सहायता का प्रावधान है। 3 किलोवाट से अधिक क्षमता पर अतिरिक्त केंद्रीय सहायता नहीं दी जाती है।कैंप के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया, पात्रता और सब्सिडी से संबंधित जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से कैंप में पहुंचकर योजना की जानकारी लेने और इसका लाभ उठाने की अपील की है।