सारण :मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना धरातल पर चालू कराने की मांग को लेकर प्रखंड कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन

मशरक(सारण) :
मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना धरातल पर चालू कराने की मांग को लेकर प्रखंड कार्यालय के समक्ष बुधवार को प्रखंड वार्ड सदस्य संघ के बैनर तले सैकड़ों वार्ड सदस्यों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। संघ के अध्यक्ष उमेश सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहें वार्ड सदस्यों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिन्दाबाद, सात निश्चय योजना चालू करो आदि नारेबाजी लगा रहे थे। प्रदर्शन के दौरान वार्ड सदस्यों ने प्रखंड कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर दिया। आक्रोषित वार्ड सदस्यों का कहना था कि एक साजिश के तहत मशरक प्रखंड के पंचायतों में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना लागू नही किया जा रहा है। बीडीओ रंजीत कुमार सिंह ने वार्ड सदस्यों को समझा बुझा कर शांत कराया तथा कहा कि मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना जल्द ही सभी पंचायतों में धरातल पर दिखने लगेगा। बीडीओ ने कहा कि सबसे पहले प्रखंड के बहरौली पंचायत में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना लागू किया गया है। जिसका शुभारंभ जिले के डीएम हरित प्रसाद राय द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोंच्चार के साथ किया गया। बीडीओ के आश्वासन पर उग्र वार्ड सदस्यों का गुस्सा शांत हुआ। प्रदर्शन कर रहे वार्ड सदस्य संघ के अध्यक्ष उमेश सिंह के अलावे चाॅदकुदरिया के उपाध्यक्ष मुखिया छोटू कुमार पंडित, कर्णकुदरिया के वार्ड नं4 के वार्ड सदस्या मालती देवी, बंगरा के राजकुमार राय, अरना के रामाशंकर राय, नवादा के सीमा देवी, सनौली के मीरहसन अंसारी, बच्ची देवी, कमलेश सिंह, मनोज सिंह, देवेन्द्र शर्मा, ममता पाण्डेय सहित सैकड़ों वार्ड सदस्यों की उपस्थिति रही।




Recent Comments