सारण :गांव में सड़क की समस्या को ले ग्रामीणों ने पोलियो टीकाकरण का किया बहिष्कार 
दैनिक खोज खबर ब्यूरो सारण 
अमनौर /सारण 
प्रखंड के निशक बिशुनपुर  अनंतपुर टोला में ग्रामीणों ने  सड़क की समस्याओं के विरोध में पोलियो की दवा पिलाने का बहिष्कार किया.  ग्रामीणों के जोरदार विरोध को देखते हुए पोलियो टीकाकरण की टीम को वहां से वैरंग वापस लौटना पड़ा. जिसकी सूचना मिलते ही स्थानीय स्वास्थ्य विभाग सहित प्रशासन के कान खड़े हो गए. आनन-फानन में अमनौर बीडीओ बैभव कुमार  , प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा0 बी के चौधरी, स्वास्थ्य प्रवंधक शिवकुमार पासवान सहित यूनिसेफ के पदाधिकारी मुकेश सिन्हा मौके पर पहुंचे. आक्रोशित ग्रामीणों में कलावती देवी ,  कुन्ती देवी , संजू देवी ,सिवप्रसन्न राय , प्रभुनाथ भगत , धर्मनाथ राय ,शिव कुमार साह , दरोगा भगत ,  मुन्नी देवी व दुखन भगत आदि का शिकायत यह था कि गांव में सड़क की समस्या काफी दिनों से है जनप्रतिनिधि व पदाधिकारियों से इस बाबत कई बार कहा गया मगर इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया. बीडीओ वैभव कुमार ने जमीन की मापी करा कर जल्द से जल्द उक्त सड़क का निर्माण कराने के आश्वासन  दिया. जिसके बाद  ग्रामीण बच्चों को पोलियो दवा पिलाने के लिए राजी हुए. बीडीओ व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बच्चो को पोलियो की दवा अपने हाथों पिला कर शुरुआत करायी. उक्त मौके पर मुखिया पति राकेश राय व सरपंच पति सुबोध सिंह उपस्थित थे